सीता जन्म और श्रवण लीला का मार्मिक मंचन, भावुक हुए दर्शक
जलालाबाद 06 अक्टूबर। नगर के रामलीला मैदान में चल रही आदर्श रामलीला मंचन के दौरान सीता जन्म एवं श्रवण कुमार लीला का मार्मिक मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दोनों प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लीला के दौरान भगवान श्रीराम के चरित्र और माता-पिता के प्रति श्रवण कुमार की भक्ति का भावपूर्ण चित्रण देखकर दर्शक भावुक हो उठे।
रामलीला मंचन में सीता जन्म के प्रसंग को श्रद्धा और भव्यता के साथ प्रस्तुत किया गया। इसके बाद श्रवण कुमार की माता-पिता के प्रति सेवा, भक्ति और समर्पण की कथा का मंचन हुआ। श्रवण कुमार के माता-पिता को तीर्थ यात्रा कराने तथा उनके लिए जल लेने जाने के प्रसंग ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कलाकारों के भावपूर्ण संवाद और अभिनय के दौरान रामलीला मैदान में मौजूद दर्शक पूरी तरह मंचन से जुड़ गए। कई प्रसंगों पर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला का उद्देश्य धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से समाज को माता-पिता की सेवा, त्याग, कर्तव्य और संस्कारों का संदेश देना भी है।रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामलीला कमेटी के अलावा स्थानीय पुलिस का सहयोग रहा। रामलीला कमेटी के जनेश्वर सैनी. राजेश सैनी. देवेन्द्र शर्मा. राजकुमार रुहेला. सुनहरा सिंह व मंच निर्देशक अंशुल द्वारा अतिथियों को पटका पहनाकर उनका सम्मान किया ।
