जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने मुन्ना बैंड का किया स्थलीय निरीक्षण, स्थायी उपचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही कार्यवाही
डीपीआर स्वीकृत, टेंडर की प्रक्रिया गतिमान : जल्द मिलेगी स्थाई राहत: जिलाधिकारी
पिथौरागढ़,
27 सितंबर 2026। पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के समीप मुन्ना बैंड में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने एवं मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगाई ने आज मुन्ना बैंड पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर सड़क की वर्तमान स्थिति, पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों एवं मलबे की स्थिति, मार्ग को सुचारु बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों तथा स्थायी उपचार की कार्ययोजना का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मुन्ना बैंड में उत्पन्न हो रही समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तथा उसकी स्वीकृति की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि मुन्ना बैंड के स्थाई उपचार हेतु उच्च स्तर से स्वीकृति प्राप्त हो गई है तथा टेंडर की प्रक्रिया गतिमान है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाकर कार्य प्रारंभ किया जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुन्ना बैंड में यात्रियों एवं आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मार्ग पर उत्पन्न हो रही परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा मार्ग को यथासंभव सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क से मलबा एवं पत्थर हटाने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा यात्रियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता से कार्य करें।
### यात्रियों की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की टीम रहेगी तैनात
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुन्ना बैंड में यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के दृष्टिगत एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर उपस्थित रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग की संवेदनशीलता एवं पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। यात्रियों को मार्ग की वर्तमान स्थिति, सुरक्षित आवागमन तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि यात्रियों को बिना आवश्यक सुरक्षा सुनिश्चित किए संवेदनशील क्षेत्र से आगे न बढ़ने दिया जाए तथा मौके पर तैनात अधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी परिस्थितियों के अनुरूप ही यातायात का संचालन सुनिश्चित करें। मार्ग पर निगरानी बनाए रखते हुए यात्रियों को सुरक्षित तरीके से आगे की यात्रा के लिए निर्देशित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मार्ग को सुचारु बनाए रखने तथा मुन्ना बैंड की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो तथा उन्हें सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहायता मिल सके। वर्तमान में मार्ग चालू कर दिया गया है।
