उत्तराखण्डविशेष समाचारशिक्षा

वी-गार्ड ने बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर में बनवाया डायनिंग हाल, एबी अब्राहम ने किया उद्घाटन

कंपनी ने साइंस लैब, प्रार्थना स्थल के निर्माण सहित विद्यालय विकास में दिया सहयोग

भगवानपुर 25 सितम्बर । बीडी इंटर कॉलेज, भगवानपुर में शुक्रवार को वी-गार्ड कंपनी इंडस्ट्री लिमिटेड के सहयोग से बच्चों के सामूहिक भोजन के लिए तैयार किए गए डायनिंग हाल का उद्घाटन कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट एबी अब्राहम ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वी-गार्ड कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट एबी अब्राहम ने कहा कि कंपनी का मुख्य उद्देश्य देश के विकास में योगदान देने के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही वी-गार्ड सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए शिक्षण संस्थाओं से जुड़कर बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग करती रही है। इसी क्रम में बीडी इंटर कॉलेज के बच्चों के लिए स्वच्छ वातावरण में मेज-कुर्सियों पर बैठकर भोजन करने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डायनिंग हाल तैयार कराया गया है।
कंपनी के सीनियर जनरल मैनेजर विनय कुमार पांडेय ने बताया कि वी-गार्ड की ओर से विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई के लिए साइंस लैब तैयार कराने के साथ ही प्रार्थना स्थल पर इंटरलॉकिंग कर पक्का निर्माण कराया गया है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय परिवार को बच्चों के लिए आवश्यक संसाधनों में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की अपील की।
भगवानपुर उद्योग संगठन के महासचिव गौतम कपूर ने कहा कि वी-गार्ड परिवार विद्यालयों के साथ जुड़कर सीधे गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर रहा है। उन्होंने विद्यालय में कराए गए विकास कार्यों के लिए वी-गार्ड कंपनी की टीम को बधाई दी।
वी-गार्ड कंपनी के प्लांट हेड धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इस क्षेत्र में विद्यालय को कंपनी की ओर से सहयोग जारी रखने की बात कही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने वी-गार्ड कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट एबी अब्राहम, सीनियर जनरल मैनेजर विनय पांडेय, भगवानपुर इंडस्ट्री एसोसिएशन के डायरेक्टर एमएल ब्याला तथा वी-गार्ड इंडस्ट्री लिमिटेड के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विद्यालय के विकास में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से प्रार्थना स्थल पर पक्का निर्माण, साइंस लैब और अब डायनिंग हाल तैयार कराया गया है। उन्होंने विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए भी सहयोग का आग्रह किया, जिस पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट ने भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर विद्यालय की ओर से कंपनी से आए अतिथियों एवं सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कल्पना सैनी ने किया। इस दौरान एमएल ब्याला, गुरुप्रीत सिंह संधू, संदीप कुमार शर्मा, सुधीर कुमार, शकुन कुमार, डॉ. विजय त्यागी, निखिल अग्रवाल, रजत बहुखंडी, नेत्रपाल, ललित, संगीता गुप्ता, अनुदीप, पारुल, निधि, सारीन, सैयद त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button