खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्ति का अवसर
पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्ति का अवसर, 9 अक्टूबर तक आवेदन

देहरादून 24 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। पदक विजेता खिलाड़ियों को “आउट ऑफ टर्न” सरकारी नियुक्ति प्रदान करने के लिए खेल निदेशालय की ओर से विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। पात्र एवं इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के सभी पात्र पदक विजेता खिलाड़ियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों को सम्मान देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
स्थायी निवासी होना अनिवार्य
खेल मंत्री ने बताया कि आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना तथा अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करना अनिवार्य है। पात्रता सहित अन्य सभी शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी जारी विज्ञप्ति में उपलब्ध है।
पात्र खिलाड़ी विज्ञप्ति, शासनादेश एवं आवेदन पत्र से संबंधित संपूर्ण जानकारी खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sports.uk.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से अपील की कि आवेदन करने से पहले विज्ञप्ति में निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी
रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य, उनकी प्रतिभा के सम्मान और उन्हें सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियों को उचित सम्मान और प्रोत्साहन देना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी द्वारा जीता गया पदक केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होता, बल्कि वह प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और प्रतिभा से युवा खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराना है।
खेल मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर, सुविधाएं और आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए निरंतर मेहनत करने और खेल के माध्यम से उत्तराखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन करने का आह्वान किया।


