केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन फुटबॉल में दिखा रोमांच, देहरादून ने हैदराबाद को 13-0 से रौंदा
अंडर-17 बालिका वर्ग में देशभर की टीमों ने दिखाया दमखम, बिरपुर में अंडर-14 मुकाबले में देहरादून ने दिल्ली को 2-0 से हराया

देहरादून,23 सितंबर। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता
– 2026 के तीसरे दिन बुधवार को देहरादून में फुटबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, जोश और टीम भावना का प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालिका और अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में देशभर से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, रणनीतिक कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के दौरान केवीएस क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून के सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी (केवी आईएमए) पहुंचकर अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
पीएम श्री केवी आईएमए में देहरादून का शानदार प्रदर्शन
अंडर-17 बालिका वर्ग में मेजबान देहरादून की टीम ने शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को एकतरफा मुकाबले में 13-0 से पराजित किया। इसी मैदान पर खेले गए अन्य मुकाबलों में बेंगलुरु ने रांची को 6-2, मुंबई ने भोपाल को 3-0 से हराया, जबकि जयपुर और चेन्नई के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
केवी एफआरआई में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले केवी एफआरआई में भी रोमांचक रहे। दिल्ली ने पटना को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। कोलकाता ने आगरा को तथा एर्नाकुलम ने गुरुग्राम को 3-0 के समान अंतर से पराजित किया। वहीं सिलचर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ को 2-0 से शिकस्त दी।
अंडर-14 में देहरादून ने दिल्ली को दी मात
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिरपुर में आयोजित अंडर-14 वर्ग के मुकाबले में भी देहरादून की टीम ने घरेलू मैदान का लाभ उठाते हुए दिल्ली को कड़े मुकाबले में 2-0 से हराया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन हुए मुकाबलों ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे मंच और प्रशिक्षण को प्रदर्शित किया। खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता के माहौल को रोमांचक बनाए रखा।



