उत्तराखण्डखेलराष्ट्रीय

राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 देहरादून में 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज

अंडर-17 बालिका फुटबॉल में देहरादून ने भोपाल को 11-0 से हराया, 16 संभागों की टीमें ले रहीं हिस्सा

देहरादून, 21 सितंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में सोमवार को 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के तहत फुटबॉल अंडर-17 बालिका वर्ग की पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 21 से 25 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्रीय विद्यालय संगठन के 16 संभागों की बालिका फुटबॉल टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल का एनसीसी कैडेटों ने औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य माम चन्द की अगुवाई में मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण किया। बैंड की ओजस्वी धुनों के बीच एनसीसी कैडेटों और विभिन्न संभागों से आई प्रतिभागी खिलाड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट किया तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी।
मार्च पास्ट के बाद देहरादून संभाग की कप्तान ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता की शपथ दिलाई। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के नियमों का पालन करने और खेल भावना के साथ मुकाबलों में प्रतिभाग करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि सौरभ थपलियाल ने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण, उत्साह और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग की उपायुक्त प्रीति सक्सेना, सहायक आयुक्त सुजीत सिंह, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक संगीता खुराना, मुख्य रेफरी कैलाश जोशी सहित विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए निर्णायक मंडल के सदस्य मौजूद रहे। सभी अतिथियों और निर्णायकों का हरित पौध भेंट कर स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य माम चन्द ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की खेल गतिविधियों और खेल क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संगीतमय योग और फ्यूजन नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया।
पहले दिन देहरादून की शानदार जीत
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 बालिका फुटबॉल वर्ग में देहरादून संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भोपाल संभाग को 11-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में दिल्ली संभाग ने कोलकाता संभाग को 4-1 से हराकर जीत दर्ज की।
अंडर-14 बालिका वर्ग के मुकाबले केंद्रीय विद्यालय बीरपुर में आयोजित हुए। यहां देहरादून संभाग और बेंगलुरु संभाग के बीच हुए मुकाबले में देहरादून की टीम ने 2-0 से शानदार विजय हासिल की।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिल्ली, आगरा, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, एर्नाकुलम, गुरुग्राम, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, पटना, रांची, सिलचर और देहरादून संभागों की बालिका फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। विभिन्न संभागों से पहुंची छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दे रही हैं।

Related Articles

Back to top button