उत्तराखण्डशासन

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जागरूकता कार्यक्रम 900 बच्चों को दी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी, तपोवन से कूड़ा बीनते तीन बच्चों का रेस्क्यू

ऋषिकेश, 18 सितंबर। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, गंगा नगर ऋषिकेश में बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में ऋषिकेश चाइल्ड हेल्पलाइन टीम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) की टीम ने विद्यालय में उपस्थित करीब 900 छात्र-छात्राओं और 18 अध्यापकों को बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में टीम ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध नि:शुल्क आपातकालीन सेवा है। मुसीबत में फंसे बच्चों, अनाथ, गरीब एवं बेसहारा बच्चों, खोए-पाए बच्चों, बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों की सहायता के साथ-साथ बाल विवाह रोकने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए भी हेल्पलाइन की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बच्चों को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, साइबर क्राइम और बाल अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही बाल कल्याण समिति तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए कार्यरत विभिन्न संस्थाओं की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि महिलाओं से संबंधित समस्या के लिए 181, जबकि बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या या आपात स्थिति में 1098 अथवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में भी सूचना दी जा सकती है।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर मीना खरोला एवं रंजना उनियाल, केस वर्कर अनिल बिष्ट, DCPU सदस्य सम्पूर्णा भट्ट एवं कविता पांडे, रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन टीम सदस्य सविता गोगिया, भिक्षावृत्ति टीम कोऑर्डिनेटर राहुल सती एवं मीनाक्षी नाथ सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
तपोवन से कूड़ा बीनते तीन बच्चों का रेस्क्यू
जागरूकता कार्यक्रम के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संबंधित टीम द्वारा तपोवन क्षेत्र से कूड़ा बीनते हुए तीन बच्चों को रेस्क्यू किया गया। टीम के अनुसार तीनों बच्चे नटराज चौक क्षेत्र के रहने वाले हैं। बच्चों को सुरक्षित लेकर तपोवन चौकी पहुंचाया गया, जहां उनकी जीडी दर्ज कराई गई। इसके बाद बच्चों को आवश्यक मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा है। टीम द्वारा बच्चों की स्थिति एवं उनके संरक्षण को लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button