गोल्डन लायंस क्लब ने मनाया शिक्षक दिवस, एम के पी कॉलेज की शिक्षिका किरण सिंह को ‘गुरु सम्मान अवार्ड’ से किया सम्मानित
देहरादून 09 सितंबर ।
गोल्डन लायंस क्लब, देहरादून की ओर से होटल कैलिस्टा, पटेलनगर में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में डीसीपी नीतू जैन, कमेटी चेयरपर्सन श्रीमती सुमन अग्रवाल, कुमकुम अग्रवाल सहित क्लब के अन्य पदाधिकारियों ने एमकेपी इंटर कॉलेज की प्रवक्ता श्रीमती किरण सिंह को उनके सामाजिक कार्यों एवं समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘गुरु सम्मान अवार्ड’ से नवाजा। उनके सामाजिक सरोकारों और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया गया।
इसी क्रम में उन्नयन स्कूल की अध्यापिका श्रीमती संगीता अरोड़ा को भी गुरु सम्मान प्रदान कर उनके शैक्षणिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों की समाज निर्माण में भूमिका और विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।
सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस डिस्कशन का भी आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, समय पर जांच कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच के माध्यम से इस बीमारी की रोकथाम में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
समारोह में श्रीमती अंजना माहेश्वरी, सरिता कोहली, किरण, निर्मल गोयल सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।