उत्तराखण्डशिक्षाहेल्थ

बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति किया जागरूक, 15 सितंबर को लगेगी एचपीवी वैक्सीन

भगवानपुर, 8 सितंबर। भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर के तत्वावधान में मंगलवार को बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर में बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर की महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के मुख की कोशिकाओं में होने वाला कैंसर है। इसका प्रमुख कारण एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण है। उन्होंने कहा कि धूम्रपान से बचने, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने और एचपीवी वैक्सीन लगवाने से इस बीमारी के खतरे को कम किया जा सकता है।
उन्होंने छात्राओं को बीमारी के संभावित लक्षणों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि माहवारी के दौरान असामान्य रक्तस्राव, योनि में दर्द अथवा सफेद एवं दुर्गंधयुक्त स्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और तत्काल महिला रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर के बाल रोग चिकित्सक डॉ. अभिलाष धारीवाल ने बताया कि भारत एवं उत्तराखंड सरकार की ओर से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पात्र बालिकाओं को निशुल्क टीका लगाया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि विद्यालय में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 120 छात्राएं हैं, जिन्हें एचपीवी वैक्सीन लगाई जानी है। अभिभावकों की सहमति प्राप्त करने के बाद 15 सितंबर 2026 को विद्यालय में छात्राओं का निशुल्क टीकाकरण कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपेंद्र बगवाड़ी, राखी रानी, महिला संयोजिका निधि, ललिता, पारुल देवी, अनुदीप, रितु वर्मा, संगीता गुप्ता, अर्चना पाल, तनु, सारीन, संजय पाल, निखिल अग्रवाल, विजय त्यागी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button