जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
देहरादून,
04 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने देहरादून के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने ओल्ड मसूरी रोड स्थित इस्कॉन श्री जगन्नाथ धाम में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने बार्डीगाड़, राजेंद्र नगर, हाथीबड़कला, नया गांव सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में भी सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
श्री जोशी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी हैं। जन्माष्टमी का पर्व हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े। इस अवसर पर मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, भावना चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की।