सुवाखोली में प्रस्तावित बिजली घर की भूमि का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण
भूमि संबंधी विसंगतियां शीघ्र दूर कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश
देहरादून,
29 अगस्त। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को सुवाखोली में प्रस्तावित बिजली घर के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यूपीसीएल, वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों से प्रस्तावित बिजली घर की भूमि से संबंधित जानकारी ली और भूमि संबंधी विसंगतियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए भूमि से जुड़ी सभी समस्याओं एवं विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि बिजली घर के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सुवाखोली में प्रस्तावित शौचालय के लिए चयनित भूमि का भी जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को भूमि से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर सदस्य जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, मोहन सिंह, डीएफओ मसूरी देवी प्रसाद बलोनी, निदेशक यूपीसीएल मदन राम आर्य सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।