डिफेंस कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग पर ROB निर्माण की फीजिबिलिटी जांच शुरू
मुख्यमंत्री धामी के प्रस्ताव पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया आश्वासन
देहरादून 24 अगस्त। देहरादून में बढ़ती यातायात आवश्यकताओं और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिफेंस कॉलोनी मोटर मार्ग स्थित KM-01 रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
केंद्रीय रेल मंत्री ने अवगत कराया है कि डिफेंस कॉलोनी मोटर मार्ग पर स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर ROB निर्माण की फीजिबिलिटी (व्यवहार्यता) जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में यातायात के बढ़ते दबाव तथा क्षेत्रवासियों की सुविधा को देखते हुए इस रेलवे क्रॉसिंग पर ROB निर्माण का प्रस्ताव केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखा था। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को जनसुविधा और सुगम यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया था।
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्ताव की व्यवहार्यता जांच शुरू किए जाने से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। ROB के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव को देहरादून की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब फीजिबिलिटी जांच पूरी होने के बाद परियोजना को लेकर आगे की कार्रवाई का मार्ग प्रशस्त होगा।