उत्तराखण्डबिज़नेस

एसबीआई कार्ड और गूगल पे ने लॉन्च किया को-ब्रांडेड ‘गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड’

देहरादून, 19 अगस्त 2026। भारत में क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली प्रमुख कंपनी एसबीआई कार्ड और गूगल ने मिलकर ‘गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड’ लॉन्च करने की घोषणा की है। यह कार्ड ‘फ्लेक्स बाय गूगल पे’ का हिस्सा है और इसे रोजमर्रा के भुगतान को आसान, सुविधाजनक और अधिक फायदेमंद बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कार्ड में रिवॉर्ड, डिजिटल सुविधा और सुरक्षा को एक साथ जोड़ा गया है।
गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड के जरिए ग्राहक रोजमर्रा की खरीदारी पर स्टार्स अर्जित कर सकेंगे और भुगतान के समय उन्हें रिडीम कर तत्काल लाभ ले सकेंगे। ग्राहक सालाना 18,000 स्टार्स तक अर्जित कर सकते हैं। प्रत्येक ₹500 के खर्च पर निर्धारित शर्तों के अनुसार स्टार्स मिलेंगे। किराना, बिल भुगतान, ट्रैवल बुकिंग, उपयोगी सेवाओं के भुगतान, शॉपिंग सहित ऑनलाइन और ऑफलाइन कई श्रेणियों में खर्च करने पर रिवॉर्ड प्राप्त किए जा सकेंगे। ग्राहक अपने आखिरी बकाया बिल को आसान ईएमआई में बदलने की सुविधा का भी लाभ उठा सकेंगे।
इस कार्ड के लिए आवेदन करने, भुगतान करने, रिवॉर्ड प्राप्त करने और अकाउंट को मैनेज करने की सुविधा गूगल पे ऐप के भीतर ही उपलब्ध होगी। कार्ड रुपे और वीजा दोनों पेमेंट नेटवर्क पर उपलब्ध है। रुपे वेरिएंट को यूपीआई से जोड़कर देशभर में लाखों दुकानदारों के यहां सीधे यूपीआई भुगतान किया जा सकता है। दोनों वेरिएंट को गूगल पे पर टोकनाइज कर लाखों मर्चेंट आउटलेट्स पर ‘टैप-टू-पे’ सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
एसबीआई कार्ड की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सलिला पांडे ने कहा कि ग्राहकों के लिए लेनदेन को आसान, सुगम और अधिक उपयोगी बनाने वाले उत्पाद उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता है। गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड का लॉन्च इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुविधा, रिवॉर्ड, आसान इस्तेमाल और सुरक्षा का संयोजन भारत में रोजमर्रा के भुगतान अनुभव को नया रूप देगा।
गूगल पे के सीनियर डायरेक्टर शरथ बुलुसु ने कहा कि गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड के जरिए भारत में क्रेडिट के अनुभव को रोजमर्रा के यूपीआई भुगतान की तरह आसान और व्यापक बनाने का प्रयास किया गया है। रुपे और वीजा दोनों नेटवर्क की उपलब्धता से ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार भुगतान का विकल्प मिलेगा।
कार्ड की प्रमुख खूबियां
गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड पर ग्राहकों को ₹1,000 मूल्य का वेलकम गिफ्ट मिलेगा। बिलिंग साइकल में ₹15,000 खर्च करने पर प्रत्येक ₹500 के खर्च पर 4 स्टार तक और ₹30,000 से अधिक खर्च करने पर प्रत्येक ₹500 के खर्च पर 8 स्टार तक अर्जित किए जा सकेंगे।
कार्ड लेने और इसके वार्षिक नवीनीकरण का शुल्क ₹499 है, जिस पर लागू कर अलग से देय होगा। यदि कार्डधारक एक वर्ष में ₹1 लाख खर्च करता है, तो अगले वर्ष के नवीनीकरण शुल्क को माफ किया जाएगा। इस तरह नया कार्ड रोजमर्रा के खर्चों पर रिवॉर्ड के साथ डिजिटल भुगतान की सुविधा और लचीले भुगतान विकल्प उपलब्ध कराने का दावा करता है।

Related Articles

Back to top button