उत्तराखण्डहेल्थ

एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 82 लोगों की हुई जांच

देहरादून, 18 अगस्त 2026। भारत विकास परिषद्, समर्पण शाखा देहरादून की ओर से आदित्य दून शायर सोसायटी, साईं लोक, देहरादून में एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत एनीमिया एवं ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं एवं पुरुषों के हीमोग्लोबिन और ब्लड शुगर की जांच की गई तथा जरूरतमंद लोगों को उपचार एवं पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रेनू शर्मा ने कहा कि “सशक्त नारी, सशक्त समाज” की पहचान तभी संभव है, जब महिलाएं मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें। महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है।
उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि भारत विकास परिषद की देशभर में संचालित लगभग 1600 शाखाओं के माध्यम से एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर हीमोग्लोबिन एवं ब्लड शुगर की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जिन महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई जाएगी, उनके लिए आवश्यक दवाइयों एवं पोषण की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
आदित्य दून शायर सोसायटी के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संजीव गुप्ता ने कहा कि घरों और असंगठित क्षेत्रों में कार्य करने वाली अनेक महिलाएं आर्थिक कठिनाइयों तथा काम के अत्यधिक बोझ के कारण अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पातीं। इसके चलते उनमें रक्ताल्पता की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिसका असर उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान हीमोग्लोबिन की कमी मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बन सकती है।
शिविर में 82 महिलाओं एवं पुरुषों की एनीमिया एवं ब्लड शुगर की जांच की गई। जांच में 11 महिलाएं और 2 पुरुष एनीमिक पाए गए। एनीमिया से प्रभावित लोगों को आवश्यक उपचार एवं पोषण संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी जानकारी दी गई।
समर्पण शाखा देहरादून के अध्यक्ष मोहित मित्तल एवं संगठन सचिव यश गर्ग ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए दून शायर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, सचिव राकेश बहुगुणा, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, कार्यकारिणी सदस्य ललित गोस्वामी, श्रीमती वंदना नारंग एवं श्रीमती अलका शर्मा का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपील की।
शिविर का संचालन करते हुए सचिव राजेश ध्यानी ने देहरादून जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके निस्वार्थ प्रयासों, मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।
इस अवसर पर शाखा के उपाध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश, सुबोध मलिक, संयोजक संस्कार मनमोहन शर्मा, संयोजक संपर्क मनीष गुप्ता, दिनेश भटनागर, नितिन चौहान, योग गुरु चांदना, आर.पी. रंगा, अनिल कुमार, जागेश्वर, चंद्रभान, श्रीमती अनुराधा गर्ग, श्रीमती मीनाक्षी गर्ग सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button