स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा
14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई, 253 लोग हिरासत में; 80 से अधिक FIR और 200+ गिरफ्तारियां
नई दिल्ली,17 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित आतंकी सिंडिकेट शाहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ी बहु-राज्यीय कार्रवाई करते हुए इसके नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सीमा-पार आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 12 अगस्त को 14 राज्यों में एक साथ अभियान चलाया गया। इस दौरान 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से अधिक FIR और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां दर्ज की जा चुकी हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित आतंकी समूह ‘शाहजाद भट्टी नेटवर्क’ को ध्वस्त कर उसके 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा 14 राज्यों में एक साथ चलाया गया यह अभियान आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण है।
14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई
रियल-टाइम खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था के माध्यम से राज्य पुलिस बलों के साथ समन्वय कर चलाए गए अभियान में उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51, पंजाब में 44, राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गई हैं।
IED, ग्रेनेड और हथियार बरामद
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए हैं। एजेंसियों का दावा है कि बरामद सामग्री नेटवर्क के सीमा-पार संपर्कों और उसकी आतंकी गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाती है।
टारगेट किलिंग और हमलों की साजिश के आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार शाहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित आतंकी सिंडिकेट है, जो भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों के साथ-साथ टारगेटेड किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। नेटवर्क द्वारा स्थानीय सहयोगियों को धन देकर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाने तथा निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगवाने की बात भी सामने आई है।
UAPA समेत कई धाराओं में मामले दर्ज
शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ दर्ज मामलों में UAPA, भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नेटवर्क के खिलाफ देशभर में समन्वित अभियान आगे भी जारी रहेगा और सीमा-पार आतंकवाद से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा।
सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई को स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी साजिशों को नाकाम करने और देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।