अमर शहीदों की याद में बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
भगवानपुर,14 अगस्त। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर के छात्र-छात्राओं ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया।
तिरंगा यात्रा से पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय गर्ग ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तिरंगे की खातिर न जाने कितनी मांओं की कोख उजड़ गई, कितनी बहनों का सिंदूर मिट गया और न जाने कितनी महिलाएं अपने जीवनसाथी को खोकर अबला होने को मजबूर हुईं। उन्होंने कहा कि आज जब हम हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा निकाल रहे हैं, तो यह हमें याद दिलाता है कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे तिरंगे को हाथ में लेकर देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा करने का संकल्प लें तथा मन, वचन और कर्म से राष्ट्रहित में योगदान दें।
तिरंगा यात्रा जब नगर पंचायत परिसर पहुंची
तो नगर पंचायत अध्यक्ष गुल बाहर सहित सभी सभासदों ने पुष्प वर्षा कर शहीदों को नमन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन की सराहना की।
इसके बाद तिरंगा यात्रा भगवानपुर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी और वापस बीडी इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा की अगुवाई एनसीसी कैडेट्स ने की। एनसीसी अधिकारी सुधीर सैनी के नेतृत्व में कैडेट्स ने अनुशासन के साथ यात्रा को सफल बनाया।
इस अवसर पर संजय पाल, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल, श्रीमती अनुदीप, श्रीमती रितु वर्मा, श्रीमती संगीता गुप्ता, श्रीमती कल्पना सैनी, श्रीमती निधि, श्रीमती अर्चना पाल, निखिल अग्रवाल, विजय त्यागी, रजत बहुखंडी, सैयद त्यागी, रोहित, बृजमोहन, अशोक, वसीम, राजकुमार, लोकेश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।