उत्तराखण्डकानून व्यवस्थाकाँवड यात्रा

डाक कांवड़ के मद्देनजर हरिद्वार में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने लिया जायजा

मेला कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों और कांवड़ मार्गों की निगरानी, डायवर्जन प्लान प्रभावी करने के निर्देश

हरिद्वार, 7 अगस्त। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को और मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे और जिले में चल रही सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
एडीजी ने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का भ्रमण कर वहां से संचालित सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से जनपद के विभिन्न संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों तथा कांवड़ पटरी मार्गों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यातायात के वर्तमान स्वरूप और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने एडीजी को वर्तमान ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान, राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ पटरी मार्गों की स्थिति के साथ ही अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो चुके कांवड़ यात्रियों की संख्या के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
डाक कांवड़ के अनुरूप तैयार हो ट्रैफिक प्लान
एडीजी वी. मुरूगेशन ने डाक कांवड़ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी हरिद्वार और पुलिस अधीक्षक यातायात को डाक कांवड़ के अनुरूप आवश्यकतानुसार ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान समय से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम और व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित करने तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए प्रभावी प्रबंधन करने को कहा।
एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन और प्रमुख मार्गों पर सतत निगरानी की व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के आगामी महत्वपूर्ण चरण को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।

Related Articles

Back to top button