अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद का कार्य देश ही नहीं, विदेशों तक फैला है : दयानंद चंदोला
देहरादून चैप्टर की बैठक में 12 नए सदस्यों का स्वागत, डॉ. के.बी. जोशी को मिला ‘प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान-2026’
देहरादून 02 अगस्त
।अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद देहरादून चैप्टर की बैठक में परिषद की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत विश्व शांति की कामना के साथ दो मिनट का मौन धारण कर की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व आईजी एस.एस. कोठियाल ने की।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद गुरुग्राम, हरियाणा के अध्यक्ष अविनाश मानन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर 12 नए सदस्यों का स्वागत-सत्कार कर उन्हें परिषद परिवार में शामिल किया गया। पूर्व आईजी एवं अध्यक्ष एस.एस. कोठियाल ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए परिषद के इतिहास, उद्देश्यों एवं अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी दयानंद चंदोला ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद का कार्य केवल देश तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों तक भी इसका विस्तार है। परिषद विभिन्न देशों और क्षेत्रों के लोगों के बीच सहयोग, भाईचारे एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि एवं गुरुग्राम चैप्टर के अध्यक्ष अविनाश मानन ने गुरुग्राम परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की तथा देहरादून चैप्टर की गतिविधियों की सराहना की।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। नृत्य गुरु सोनल वर्मा के निर्देशन में वैभवी मुद्गल ने शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। परिषद के संरक्षक/उपाध्यक्ष डा. एस. फारुख ने शायराना अंदाज में अपनी प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। उपाध्यक्ष डोली डबराल ने स्त्री सशक्तिकरण पर भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की।
जनसंपर्क अधिकारी योगेश अग्रवाल ने देवभूमि उत्तराखंड के सुविख्यात हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. के.बी. जोशी के उल्लेखनीय कार्यों एवं समाजसेवा की जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद की ओर से डॉ. के.बी. जोशी को ‘प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. जोशी ने अपने जीवन की संघर्ष यात्रा को चुटीले और रोचक अंदाज में साझा किया।
कार्यक्रम में दधीचि दान समिति के अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल ने लोगों से मरणोपरांत नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे दान से जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी और उम्मीद लाई जा सकती है।
बैठक में परिषद की आगामी यात्राओं को लेकर भी प्रस्ताव आमंत्रित किए गए। देश में ऋषिकेश और कांडा ताल सहित विभिन्न स्थानों के प्रस्ताव आए, जबकि विदेश यात्राओं के लिए भूटान, श्रीलंका, सिंगापुर और फ्रांस आदि के प्रस्ताव रखे गए।
कार्यक्रम में राकेश ओबराय, चंद्रगुप्त विक्रम, अशोक विंडलास, मधु बैरी, डॉ. डी.एस. मान, अशोक शर्मा, सचिव दीपक गैरोला, जे.पी. सेमवाल, पूर्व सूचना आयुक्त जे.पी. ममगाईं, अरुण शेखर बहुगुणा, शकुंतला चंदोला, नमिता ममगाईं, धनपति कोठियाल, एस.के. तिवारी, अजीत तोमर, आर.के. बक्शी, सुभाषिनी डिमरी, शालू जैन, रोहित कोचग्वे, कंचन गुनसोला सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का रोचक संचालन सचिव आदेश गुप्ता ने किया, जबकि उपाध्यक्ष आर.पी. भट्ट ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।