2 अगस्त को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को करेंगे वर्चुअल संबोधन
उत्तराखण्ड के सभी जिलों में माई भारत कार्यालयों एवं विकासखण्डों में होगा कार्यक्रम का प्रसारण
– इस अभियान के अंतर्गत 100 सप्ताह तक खेल, सांस्कृतिक, जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियों का होगा आयोजन
– इस पहल का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध एकजुट करते हुए स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना है
-इस वर्चुअल संवाद से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों के जुड़ने तथा एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता होगी
देहरादून नई दिल्ली 31 जुलाई।
02 अगस्त 2026 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत की राष्ट्रव्यापी पहल ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध एकजुट करते हुए स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ अभियान का हिस्सा है, जिसे जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी, खेल, संस्कृति तथा सकारात्मक सामाजिक सहभागिता के माध्यम से नशाखोरी के विरुद्ध युवाओं के नेतृत्व वाली जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रारंभ किया गया है। यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री के नशामुक्त भारत के संकल्प तथा विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप है।
इस वर्चुअल संवाद से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों के जुड़ने तथा एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता की अपेक्षा है। इनमें माई भारत स्वयंसेवक, माई भारत-एनएसएस स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, स्कूलों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, औद्योगिक संघों की युवा शाखाएं तथा 125 से अधिक सहभागी संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।
उत्तराखण्ड में कार्यक्रम का प्रसारण सभी जिलों में माई भारत कार्यालयों एवं विकासखण्डों में किया जाएगा। राज्य के प्रमुख कार्यक्रम सीआईएमएस, देहरादून, आईटीबीपी, मातली (उत्तरकाशी), ग्राफिक एरा, देहरादून तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें माई भारत एवं एनएसएस के स्वयंसेवक सहभागी होंगे।
कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेंगे तथा स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने एवं दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराएंगे। इसी अवसर पर ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ भी होगा। इसके अंतर्गत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को खेल, फिटनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, ध्यान (माइंडफुलनेस) तथा सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के तहत देशभर में वॉकथॉन, खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जागरूकता अभियान तथा नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही माई भारत पोर्टल पर संचालित ई-प्रतिज्ञा अभियान के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं, को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
युवाओं की रचनात्मक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माई भारत द्वारा जिला स्तर पर लोकगीत, मूक अभिनय (माइम), लघु फिल्म/रील्स, चित्रकला, वाद-विवाद एवं नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अभियान के अंतर्गत विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता एवं परामर्श सत्र, ग्रामसभा आधारित नशामुक्त संकल्प सभाएं, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता पहल, अभिभावकों के लिए संवेदीकरण कार्यक्रम तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों एवं गांवों को सम्मानित करने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को सुदृढ़ करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशामुक्ति युवा कॉन्क्लेव के साथ होगा, जिसमें देशभर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।