उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान, औद्योगिक विकास में न हो बाधा: सीडीओ दिवेश शाशनी

रुद्रपुर,30 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, इसलिए औद्योगिक संस्थानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित जिला उद्योग मित्र बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, विद्युत, जल निकासी, यातायात और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए, ताकि उद्योगों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में जिला निर्यात हब (District as Export Hub) के अंतर्गत निर्यात संवर्धन एवं विदेश व्यापार पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। सहायक महानिदेशक, विदेश व्यापार महानिदेशालय प्रिया रानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्यमियों को निर्यात शुरू करने की प्रक्रिया, विदेश व्यापार नीति, पंजीकरण, प्रमाणन, विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं और निर्यात की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय उद्योगों से अधिकाधिक निर्यात गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान भी किया।
उद्यमियों ने जिला उद्योग मित्र बैठक को उद्योगों की समस्याओं के समाधान और विभागों के साथ बेहतर समन्वय का प्रभावी मंच बताते हुए निर्यात संवर्धन सत्र की सराहना की।
मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व में आयोजित बैठकों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के लिए पुनः स्मारक पत्र भेजे जाएं तथा विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की समय-सीमा तय कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में निवेश और औद्योगिक विकास के अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, आरएम सिडकुल सितारगंज रविन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, पिटकुल के अरविन्द रावत, लीड बैंक अधिकारी कमल कुमार, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई के अशोक बंसल, अपूर्व जिंदल, राकेश कुमार, अशोक कुमार, एसईडब्ल्यूएस के प्रतिनिधियों सहित अनेक उद्यमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


