सावन के प्रथम दिन श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1100 कमल पुष्पों से हुआ भव्य श्रृंगार

देहरादून,30 जुलाई 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में सावन मास के प्रथम दिन श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातःकाल से ही भक्तों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ भगवान शिव का पवित्र गंगाजल, दूध, दही, शक्कर एवं अन्य पूजन सामग्रियों से विधिवत अभिषेक किया। इसके बाद धूप, दीप, बिल्व पत्र, पुष्प एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।
सायंकाल श्री पृथ्वीनाथ महादेव का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार हरिद्वार से विशेष रूप से मंगाए गए लगभग 1100 कमल पुष्पों से किया गया। मनमोहक श्रृंगार के उपरांत भगवान शिव की सामूहिक महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट, आचार्य आशीष उनियाल, नवीन गुप्ता, विकी गोयल, रजनीश यादव, दीपक मित्तल सहित अनेक सेवादार एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर में पूरे दिन शिवभक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनुपम वातावरण बना रहा।
