गुरु पूर्णिमा पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया गुरु पूजन
देहरादून, 29 जुलाई 2026। श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष परम पूज्य श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में सेवा दल एवं कायस्थ सेवा दल द्वारा गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि प्रातःकाल सेवा दल एवं कायस्थ सेवा दल के सेवादारों ने मंदिर में सुंदर सिंहासन पर विराजमान पूज्य महंत रवींद्र पुरी जी की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया। इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी जी, आचार्य भारत भूषण भट्ट एवं आचार्य आशीष उनियाल का पवित्र गंगाजल से चरण पखारकर सम्मान किया गया। उन्हें रोली का तिलक लगाकर शॉल ओढ़ाई गई, माल्यार्पण किया गया तथा गुलाब की पुष्पवर्षा के साथ फटका पहनाकर मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने धूप-दीप से सजी आरती की थाली से आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी राज्य मंत्री पुनीत मित्तल ने भी मंदिर पहुंचकर पूज्य महंत रवींद्र पुरी जी की प्रतिमा का तिलक एवं पूजन किया। उन्होंने दिगंबर दिनेश पुरी जी, आचार्य भारत भूषण भट्ट एवं आचार्य आशीष उनियाल का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, नवीन जैन, विवेक श्रीवास्तव, कपिल गुप्ता, सुशील मित्तल, श्रीमती मेघा गर्ग, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, विजन, अंकुर जैन, पार्षद वैभव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरुजनों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया तथा समाज में आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
