मुख्यमंत्री धामी से अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के शीर्ष संतों की शिष्टाचार भेंट, धार्मिक एवं समसामयिक विषयों पर हुई चर्चा

देहरादून 24 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत स्वामी हरिगिरी तथा महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज ने शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान संत समाज और मुख्यमंत्री के बीच विभिन्न धार्मिक, सामाजिक तथा जनहित से जुड़े समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान प्रदेश में आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण, सनातन संस्कृति के संवर्धन तथा समाज में समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत समाज के मार्गदर्शन को समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद एवं सहयोग राज्य के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है तथा राज्य सरकार इस विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत स्वामी हरिगिरी तथा महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज ने मुख्यमंत्री को राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, तीर्थस्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
शिष्टाचार भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें राज्य के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।


