पत्रकार कल्याण कोष से 9 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख सहायता की संस्तुति, 3 वरिष्ठ पत्रकारों को मिलेगी सम्मान पेंशन

देहरादून,21 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की संस्तुति की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह की सम्मान पेंशन प्रदान करने की भी संस्तुति की गई।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी भावना के अनुरूप सूचना विभाग पत्रकारों और उनके आश्रितों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर मामलों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जा रहा है।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और श्रीमती शशि शर्मा उपस्थित रहे।
