उत्तराखण्डशासन

सेफ ड्रग्स: सेफ लाइफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, देहरादून में 5 मेडिकल स्टोर बंद, एक्सपायरी दवाएं जब्त

देहरादून,20 जुलाई 2026। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश तथा जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में सोमवार को “Safe Drugs: Safe Life” अभियान के तहत सहसपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने किया। उनके साथ वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सहसपुर, सभावाला, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला स्थित मेडिकल स्टोरों में दवाइयों के रखरखाव, लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण, सीसीटीवी व्यवस्था, फ्रिज की स्थिति तथा औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों की जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान बालाजी मेडिकोज, पर्व मेडिकल स्टोर, जनता मेडिकल स्टोर, शंभु मेडिकल स्टोर और हेल्थ केयर फार्मेसी में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कई स्थानों पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए, एक्सपायरी दवाइयां रखी मिलीं, फ्रिज खराब या बंद अवस्था में मिले तथा सीसीटीवी व्यवस्था भी नहीं थी। कुछ स्थानों पर प्रतिबंधित दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
बालाजी मेडिकोज में खराब फ्रिज में बड़ी संख्या में एक्सपायरी दवाइयां मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया गया तथा स्टोर को तत्काल बंद कर दवाइयों के विक्रय पर रोक लगा दी गई। पर्व मेडिकल स्टोर में भी छह माह पुरानी एक्सपायरी दवाइयां मिलने और आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने पर स्टोर बंद करा दिया गया। जनता मेडिकल स्टोर में खराब फ्रिज में रखे इंजेक्शन नष्ट कराए गए और स्टोर का संचालन रोक दिया गया। शंभु मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी और आवश्यक व्यवस्थाएं न होने पर सभी व्यवस्थाएं पूरी होने तक स्टोर बंद रखने के निर्देश दिए गए। हेल्थ केयर फार्मेसी में फार्मासिस्ट और मालिक दोनों अनुपस्थित मिलने पर स्टोर बंद कर स्पष्टीकरण तलब किया गया तथा लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी दी गई।
वहीं ग्लोबल फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर्स का संचालन संतोषजनक पाया गया। यहां स्टोर साफ-सुथरा मिला, एक्सपायरी दवाइयां नहीं मिलीं और रखरखाव की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप पाई गई।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सभावाला, छोटा रामपुर, बड़ा रामपुर, सुद्धोवाला और सहसपुर क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोरों ने टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री, एक्सपायरी दवाओं का उपयोग या अन्य अनियमितताओं की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button