सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का हुआ सफल समापन, उत्तराखंड लौटे श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत

देहरादून,19 जुलाई 2026। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा में उत्तराखंड से शामिल हुए श्रद्धालुओं का दल रविवार प्रातः लगभग 8:00 बजे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचा। यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर आध्यात्मिक संतोष और आस्था की झलक साफ दिखाई दी।
उत्तराखंड से सोमनाथ गए यात्रियों में कुमाऊँ एवं गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जनपदों के साथ ही हरिद्वार जनपद के श्रद्धालु भी शामिल थे। अधिकांश यात्री हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उतरकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
इसके अतिरिक्त पतंजलि, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज तथा परमार्थ निकेतन से जुड़े तीर्थयात्री भी हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।
श्रद्धालुओं ने इस यात्रा को आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान से ओत-प्रोत बताते हुए कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का हिस्सा बनना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। यात्रा के दौरान उन्हें असीम तृप्ति, आत्मिक शांति और भगवान सोमनाथ के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस प्रकार श्रद्धा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना से परिपूर्ण सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का सफल एवं सुखद समापन हुआ, जो सभी श्रद्धालुओं के लिए जीवन भर स्मरणीय रहेगा।

