सीबीएसई 10वीं द्वितीय परीक्षा में कुमकुम ने जिले में किया टॉप, 98.8 प्रतिशत अंक हासिल, सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल की छात्रा की सफलता से विद्यालय में खुशी, इंजीनियर बनने का है सपना

शामली,झिंझाना। सीबीएसई बोर्ड द्वारा शनिवार को घोषित कक्षा 10वीं की द्वितीय परीक्षा के परिणाम में झिंझाना स्थित सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल की छात्रा कुमकुम ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शामली जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। छात्रा की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में छात्रा का स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने कुमकुम को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
झिंझाना क्षेत्र के गांव खजूरवाला निवासी कुमकुम ने बताया कि उसका लक्ष्य इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया। कुमकुम के पिता गांव कलरी के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक हैं, जबकि माता मीना रानी गृहिणी हैं।
विद्यालय के प्रबंधक प्रमोद कुमार सरोहा एवं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने कहा कि कुमकुम की उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हुई हैं।
रिपोर्ट : झिंझाना से हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।