उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, संस्कारों के संरक्षण पर दिया गया जोर

रुड़की 12 जुलाई । भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर होटल दीप रेजीडेंसी, रुड़की में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर चिकित्सा, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि हरिद्वार संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रमाकांत पाण्डेय ने कहा कि संस्कारों के बिना एक अच्छे व्यक्ति का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी में संस्कारों का ह्रास चिंता का विषय है, जिससे पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों में कमी आ रही है। ऐसे समय में भारत विकास परिषद समाज में संस्कारों के संरक्षण और संवर्धन का सराहनीय कार्य कर रही है।
भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सह-संयोजक (प्रकाशन) डॉ. तरुण शर्मा ने कहा कि परिषद अपने स्थापना के 64वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और लगातार सेवा एवं संस्कार के कार्यों से नए लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की सभी शाखाएं इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।
एनसीआर-1 के क्षेत्रीय अध्यक्ष सीए प्रवीण गर्ग ने परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि 63 वर्ष पूर्व समाज सेवा और संस्कारों की अलख जगाने के उद्देश्य से लगाया गया पौधा आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। वर्तमान में परिषद के 10 क्षेत्र, 80 प्रांत, 2000 से अधिक शाखाएं और 85 हजार से अधिक सदस्य एवं स्वयंसेवक समाज सेवा में सक्रिय हैं।
उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल ने हरिद्वार जनपद में परिषद की दो नई शाखाओं के गठन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रांत में अब तक 31 विकास मित्र तैयार किए जा चुके हैं।
क्षेत्रीय संयोजक डॉ. सत्येंद्र मित्तल ने बताया कि दिवंगत माता-पिता की स्मृति में पुरस्कार वितरण की परंपरा शुरू की गई है। इस अवसर पर एम्स के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. नवीन गुप्ता, सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. चिंतामणि, गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज, देहरादून के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. तनुज भाटिया, समाजसेवी शेखर महाजन और प्रशांत अग्रवाल सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.श्रीमती मनीषा सिंघल ने की, जबकि संचालन प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने किया। देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर ने पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए परिषद के सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जगदीश पालीवाल, निशा अग्रवाल, डॉ. संगीता सिंह, प्रीति अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, शोभा सिंह, रश्मि चौहान, निखिल वर्मा, ललित पांडे, डॉ. राजीव गोयल, एल.एम. शर्मा, पुष्पराज चौहान, रजनीश सैनी, कल्पना सैनी, निधि सहित बड़ी संख्या में परिषद पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button