हरिद्वार में विशाल व्यापारी सम्मेलन: व्यापारी आयोग गठन, GST सरलीकरण और ONDC के विस्तार पर जोर
हरिद्वार, 9 जुलाई 2026। राज्य व्यापार मंडल उत्तराखंड एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को देहरादून में विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री सुनील जे. सिंघी मुख्य अतिथि तथा हरिद्वार के सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) प्लेटफॉर्म के माध्यम से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को कम लागत पर ऑनलाइन कारोबार से जोड़ने की योजना और उसके लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री सुनील जे. सिंघी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प देश के व्यापारी वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। जीएसटी व्यवस्था को और सरल बनाना, इंस्पेक्टर राज की समाप्ति तथा ONDC जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छोटे व्यापारियों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों के समान अवसर उपलब्ध कराना बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड के व्यापारियों की जीएसटी थ्रेशोल्ड सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये किए जाने तथा राज्य में व्यापारी आयोग के गठन की मांग को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
हरिद्वार के सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उत्तराखंड सरकार व्यापारी हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा से जुड़े व्यापारियों के लिए विशेष राहत पैकेज, पर्वतीय क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स सब्सिडी तथा उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री पंकज मैसोन के नेतृत्व में व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री पंकज मैसोन ने कहा कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग आठ वर्षों से व्यापारी आयोग के गठन की मांग उठाई जा रही है और अब उन्हें विश्वास है कि यह मांग शीघ्र पूरी होगी। आयोग बनने से व्यापारियों को अपनी समस्याएं सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का सशक्त मंच मिलेगा।
राज्य व्यापार मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेंद्र चौटाला ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारी और सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है। राज्य व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुमित अरोड़ा ने व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने तथा बड़े मॉल में 70 प्रतिशत दुकानें स्थानीय व्यापारियों को आवंटित किए जाने की मांग रखी। वहीं मुख्य संरक्षक श्री सुशील अग्रवाल ने कहा कि राज्यभर के हजारों व्यापारी संगठन से जुड़े हुए हैं और व्यापारी हितों के लिए संगठन निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का संचालन युवा जिलाध्यक्ष श्री विशाल गोस्वामी एवं महानगर अध्यक्ष श्री संदीप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।
सम्मेलन में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री रविंद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर श्री राम मुनि महाराज, **श्री पंकज व्यास, श्रीमती सरिता पुरोहित, श्री संतोष पैनोली, श्री आशीष अग्रवाल, श्री विजय प्रजापति, प्रदेश महामंत्री श्री अतुल गोसाई, श्री दीपक गौनियाल, श्री नितिन चौहान, श्री तेजप्रकाश साहू, श्री देवेंद्र चमोली, श्री रवि शर्मा, श्री जसवंत बिष्ट, श्री राजकांडपाल, श्री शेखर फुलारा, श्री हरीश विरमणि, श्री विनय नागपाल, श्री पंकज डिढ़ान, श्री रोहित बहल, श्री संजय गर्ग, श्री सुरिंदर भाटिया, श्री तेजप्रकाश तलवार, श्री इंद्रप्रकाश सहगल, श्री केवल कुमार, श्री जसपाल छाबड़ा, श्री अशोक अग्रवाल, श्री हेम रस्तोगी, श्री सुमित कोहली, श्री दीपू नागपाल, श्री देवेंद्र साहनी, श्री त्रिवेश खुराना, श्री मोहित भटनागर, श्री संजीव टंडन, श्री दिव्य सेठी, श्री रजत गुप्ता, श्री सचिन डोरा, श्री हरमीत जैसवाल, श्री सनी कुमार, श्री संजय शर्मा, श्री इतेश अरोड़ा, श्री अरुण कुमार, श्री विवेक सेठी, श्री अर्पित सिंघल, श्री अमरदीप सिंह, श्री गगन सेठी, श्री गौरव कुमार, श्री अतुल रस्तोगी, श्री करण सहगल, श्री बंटी, श्री ज्योति नारूला, श्री जसपाल खंडूजा, श्री सिमरनजीत सिंह तथा श्री निखिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।



