राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड ने देहरादून में किया व्यापारी–उद्यमी–प्रशासन संवाद, व्यापार सुगमता व डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर

देहरादून, 8 जुलाई। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की ओर से बुधवार को देहरादून स्थित बीजापुर गेस्ट हाउस में बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी की अध्यक्षता में ‘व्यापारी–उद्यमी–प्रशासन संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों के कल्याण, व्यापार सुगमता, डिजिटल सशक्तिकरण तथा केंद्र–राज्य समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
संवाद में उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण, राज्य कर (जीएसटी), उद्योग, श्रम, नगर एवं ग्राम नियोजन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स, एमएसएमई प्रतिनिधियों और व्यापारियों ने भाग लिया।
बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों को एक सशक्त संस्थागत मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से केंद्र और राज्य सरकारों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को हासिल करने में व्यापारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “उत्तराखंड का दशक” वाले विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में आधारभूत ढांचे, पर्यटन, संपर्क और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे व्यापार और एमएसएमई के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।
बैठक में जीएसटी सुधार, व्यापार सुगमता, एमएसएमई प्रोत्साहन, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, ओएनडीसी आधारित डिजीडुकान (DigiDukaan), श्रम कानूनों का सरलीकरण, खाद्य सुरक्षा, बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स, स्टार्टअप, पर्यटन आधारित व्यापारिक अवसर तथा लघु उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुनील जे. सिंघी ने राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड, जिला व्यापारी कल्याण बोर्ड तथा ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे व्यापारियों और सरकारी विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सकेगा। उन्होंने प्रत्येक जिले में नियमित जागरूकता एवं सुविधा शिविर आयोजित करने और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति पर भी बल दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जीएसटी, एमएसएमई, स्टार्टअप नीति, श्रम सुधार, खाद्य सुरक्षा और संस्थागत ऋण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं व्यापारिक संगठनों ने कराधान, बैंकिंग, शहरी अवसंरचना, यातायात, लॉजिस्टिक्स और लाइसेंसिंग संबंधी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में सुनील जे. सिंघी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्राप्त सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने व्यापारियों से राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के प्रत्येक सोमवार अपराह्न 3 से 4 बजे आयोजित होने वाले साप्ताहिक वर्चुअल संवाद में सक्रिय भागीदारी की भी अपील की।



