उत्तराखण्डहेल्थ

वन एवं चिकित्सा मंत्री ने किया 3K जैविक आउटलेट का उद्घाटन, महिला समूहों को आकर्षक पैकेजिंग के साथ जैविक उत्पादों के विपणन के दिए निर्देश

नई टिहरी,28 जून 2026 । माननीय मंत्री, वन, पर्यावरण, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, उत्तराखण्ड सरकार की अध्यक्षता में द्वारा आज जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम थान एवं डाबरखाल में ग्रामीण भ्रमण एवं जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर माननीय वन एवं चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्रवासियों से अपनी भूमि से जुड़े रहने तथा अधिक से अधिक खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि न केवल आजीविका का सशक्त माध्यम है, बल्कि उत्तराखण्ड की समृद्ध परंपरा और आत्मनिर्भरता का आधार भी है। मंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास हेतु विभिन्न लघु विकास एवं जनहितकारी कार्यों के लिए विधायक निधि से 13 लाख रुपये की धनराशि प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

इस अवसर पर मंत्री द्वारा नरेंद्रनगर-टिहरी हाईवे स्थित ग्राम थान बिड़ोन में स्थापित 3K जैविक आउटलेट का विधिवत उद्घाटन किया।

माननीय मंत्री ने आउटलेट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध विभिन्न जैविक उत्पादों, जैसे पहाड़ी दालें, मसाले, जूस एवं अन्य स्थानीय उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को निर्देशित किया कि उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी पैकेजिंग भी आकर्षक एवं आधुनिक हो, जिससे बाजार में उनकी बेहतर पहचान बने और उत्पादों की बिक्री में वृद्धि हो सके। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए महिला समूहों को शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण कृषकों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित जैविक एवं अन्य पारंपरिक पहाड़ी उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस आउटलेट की स्थापना की गई है। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध होगा तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणिक जैविक उत्पाद सुलभ हो सकेंगे।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व प्रधान कुलबीर चौहान तथा कृषि एवं ग्राम्य विकास विभाग के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button