मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने काशीपुर में विकास परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
काशीपुर,
28 जून 2026। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को अपने एक दिवसीय काशीपुर दौरे के दौरान सिडकुल क्षेत्र सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी), हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल ने बताया कि 133 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में कुल 56 औद्योगिक प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं जबकि शेष प्लॉटों के लिए निवेशकों से पूछताछ जारी है। लगभग 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना को पूर्ण करने के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की मांग शासन को भेजी गई है। धनराशि प्राप्त होते ही शेष कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया।
इसके बाद मुख्य सचिव ने सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म स्थित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर उसके विकास की संभावनाओं और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य सचिव ने काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग एवं काशीपुर बाईपास रिंग रोड का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि काशीपुर से रामनगर की ओर 18.26 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसकी अनुमानित लागत 494.45 करोड़ रुपये है। परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है तथा भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है और सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार पंकज चन्दोला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

