उत्तराखण्डराष्ट्रीयहेल्थ

नशा मुक्त भारत सप्ताह का हरिद्वार में भव्य समापन, 1.31 करोड़ से अधिक लोगों ने निभाई जनभागीदारी

हरिद्वार,26 जून। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का राष्ट्रीय समापन समारोह आयोजित किया गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से हजारों युवाओं, स्वयंसेवकों, छात्रों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
17 से 26 जून 2026 तक चले ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का आयोजन “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” थीम के तहत किया गया। इस दौरान देशभर में आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में 1.31 करोड़ से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की।
समापन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने लगभग 4,000 नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवकों के साथ विशाल नशा मुक्त रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति शपथ तथा गरिमापूर्ण वृद्धावस्था शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के लिए नशामुक्त, स्वस्थ और संस्कारित समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक जनआंदोलन है।
कार्यक्रम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, उत्तराखंड सरकार के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
समारोह का एक महत्वपूर्ण आकर्षण सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) रहे। नशा मुक्त भारत अभियान और अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत हुई इस साझेदारी से देशभर में नशा उन्मूलन, जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण संबंधी गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।
दस दिवसीय अभियान के दौरान नशा मुक्ति मित्र पंजीकरण, नुक्कड़ नाटक, युवा सेमिनार, नारा लेखन, ई-शपथ अभियान, पेंटिंग प्रतियोगिताएं तथा सामुदायिक योग सत्र जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, जिलों, सहायता प्राप्त संस्थानों और विभिन्न मंत्रालयों को सम्मानित किया गया। साथ ही उल्लेखनीय योगदान देने वाले ‘नशा मुक्ति मित्रों’ एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
हाइब्रिड स्वरूप में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर के नशामुक्ति उपचार केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों और युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सभी संस्थाओं, स्थानीय निकायों और युवा संगठनों से “नशा मुक्त भारत, खुशहाल भारत” के संकल्प को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button