51 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवजीवन में हुआ प्रवेश

देहरादून 19 जून 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में 51 कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। विवाह उपरांत सभी नवविवाहित जोड़ों की विदाई सायंकाल श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर से की गई।
समारोह की जानकारी देते हुए दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि प्रातः सभी दूल्हा-दुल्हन चौधरी फार्म हाउस में एकत्र हुए। सर्वप्रथम उन्होंने भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद “आओ री सखी मंगल गाओ जी” के मंगल गीतों एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरमाला तथा विवाह संस्कार संपन्न कराए गए।
समारोह में कन्यादान के रूप में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक लगभग 25 प्रकार की दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट की गई। इनमें डबल बेड, अलमारी, गद्दे, चादर, तकिए, कंबल, डिनर सेट, सूटकेस, बर्तन, कुकर, प्रेस, घड़ी, साड़ियां, पानी की टंकी, कैंपर सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही।
इस अवसर पर समाजसेवी मनोज कुमार गुप्ता ने प्रत्येक कन्या को ₹5,100 की नगद धनराशि उपहार स्वरूप प्रदान की।
संतों ने दिया आशीर्वाद
समारोह में टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री 108 कृष्णागिरी जी, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के दिगंबर दिनेश पुरी जी, दिगंबर पुष्पेंद्र गिरी जी, मां डाट काली मंदिर के छोटे महंत संयम गोस्वामी जी, सुभाष जोशी जी एवं शक्तिपुत्र पंडित सुभाष सतपति जी सहित अनेक संत-महात्माओं ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
श्रावण मास के बाद होगा अगला सामूहिक विवाह
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि जो कन्याएं पत्राचार, जाति अथवा अन्य कारणों से इस चरण के सामूहिक विवाह में सम्मिलित नहीं हो सकीं, उनका विवाह श्रावण मास के पश्चात श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में आयोजित अगले चरण के सामूहिक विवाह समारोह में कराया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने निभाई अभिभावक की भूमिका
समारोह में अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। इनमें जोगेंद्र पुंडीर, महापौर सौरभ थपलियाल, पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, राज्य मंत्री अशोक वर्मा, लालचंद शर्मा, श्याम अग्रवाल, गौरव कुमार, पारस गोयल, मनमोहन शर्मा, विधायक सविता कपूर, संजय अरोड़ा, अरुण शर्मा, रमन मोदी, गोपालपुरी, पार्षद आलोक, एम.पी. अरोरा, शिवसेना उत्तराखंड प्रमुख गौरव कुमार तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दिगंबर भागवत पुरी, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, सचिन अग्रवाल, अनुराग गोयल, प्रीति गुप्ता, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, दिलीप सैनी, राजेंद्र आनंद, ललित आहूजा, शैलेंद्र सिंघल, नमन शेट्टी, अर्नव कंसल, कान्हा मित्तल, दीपक मित्तल, नीलम सिंघल, राकेश मित्तल, शशि शर्मा, राजीव गोयल, दीपक गर्ग, के.एम. अग्रवाल, दीपक जेठी, संगीता गुप्ता, अवंतिका मित्तल, रीना, दीप्ति, संजना मित्तल, संजय कुमार गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा एवं जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।



