उत्तराखण्ड

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले मुख्यमंत्री धामी ने किया योगाभ्यास, योग को दैनिक जीवन में अपनाने का किया आह्वान

देहरादून,18 जून । 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गुरुवार को अपने आवास पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के कुशल नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज योग विश्वभर में स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान एवं स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न योग कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड और स्वस्थ भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Related Articles

Back to top button