युवा आक्रोश मशाल जुलूस में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
पेपर लीक मामलों पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन की चेतावनी

देहरादून,16 जून 2026। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा मनोज यादव की उपस्थिति में आयोजित युवा आक्रोश मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि देश के लाखों युवा सीमित संसाधनों के बावजूद दिन-रात मेहनत कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके माता-पिता भी अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी जीवनभर की पूंजी और उम्मीदें दांव पर लगाते हैं, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक घोटालों ने युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग धन के लालच में परीक्षा प्रणाली को भ्रष्ट कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इससे अनेक छात्र-छात्राएं निराशा और हताशा का शिकार हो रहे हैं तथा कई मामलों में आत्महत्या जैसे कदम उठाने को भी मजबूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा मनोज यादव सहित अन्य नेताओं ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।
युवा आक्रोश मशाल जुलूस में नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय, अत्याचार तथा पेपर लीक जैसी घटनाएं जारी रहीं और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक व्यापक आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों, पेपर लीक घटनाओं तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित हमलों के विरोध में जोरदार नारेबाजी की गई और युवाओं के हितों की रक्षा हेतु संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान राजेंद्र भंडारी, सूर्यकांत धस्माना, लालचंद शर्मा, जसविंदर सिंह गोगी, अमेंद्र बिष्ट, अखिलेश उनियाल, संजय शर्मा, मदन लाल, सुलेमान अंसारी, अनिल नेगी, प्रवीण त्यागी, रोबिन त्यागी, मोनिका चौधरी, रितेश छेत्री, अमित रावत, अभिनय बिष्ट, आदित्य रौथाण, नवीन रमोला, मोहन काला, शुभम चौहान, तेजस्वी राणा, अर्पित राठी, रविंद्र जूनियर, विनीत डोभाल, गुलशेर मियां, तुषार पाल, अतुल सक्सेना, अभिषेक पासी, सुहैल चौहान, कार्तिक बिरला, हिमांशु रावत, राहुल प्रताप सिंह, सिद्धार्थ अग्रवाल, मुकेश बसेड़ा, नितिन नेगी, सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, अभिनव कफलिया, दक्ष रावत सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


