उत्तराखण्डकानून व्यवस्था

कैंची धाम मेलाः मुख्य सड़क और दर्शन मार्ग पर नही होगी भंडारे की अनुमति

हल्द्वानी 13 जून । विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्य सड़क और दर्शन मार्ग पर किसी भी प्रकार के भंडारे की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और संस्थाओं से निर्धारित स्थानों पर ही प्रसाद वितरण करने की अपील की है।
15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हर वर्ष बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचते हैं। ऐसे में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि बाबा के दर्शन मार्ग और मुख्य यातायात मार्गों पर किसी भी प्रकार का भंडारा अथवा प्रसाद वितरण नहीं किया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि सड़क किनारे भंडारा लगाने से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो जाते हैं। जिससे यातायात प्रभावित होता है और लंबा जाम लगने की स्थिति पैदा हो सकती है। जिलाधिकारी ने कहा है कि यदि कोई श्रद्धालु, संस्था या संगठन बाबा का प्रसाद अथवा भंडारा वितरित करना चाहता है तो वह निजी परिसर, प्राइवेट प्रॉपर्टी या प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही इसका आयोजन करे। मुख्य सड़क, दर्शन मार्ग और यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर किसी भी तरह की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button