उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

कैंचीधाम मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश, 15 जून से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के आदेश

देहरादून,10 जून, 2026 । मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में 15 जून को श्री कैंचीधाम, नैनीताल में स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को मेले के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

रूट प्लान और यातायात प्रबंधन पर जोर
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन के पीक टाइम को देखते हुए अगले 10 दिनों के लिए रूट प्लान और यातायात प्रबंधन की ठोस व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल एवं सेक्टोरल प्लान तैयार किया जाए। पार्किंग मैनेजमेंट और रूट प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य और राज्य के बाहर भी किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन, ठहरने और यातायात में कोई परेशानी न हो।

मूलभूत सुविधाएं और शटल सेवा के निर्देश
मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र व पार्किंग स्थलों में सौन्दर्यीकरण, प्रकाशीकरण, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र पूर्ण करने को कहा। मल्टीलेवल पार्किंग में आने-जाने का मार्ग व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए ताकि जाम की स्थिति न बने। पार्किंग एरिया से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। साथ ही रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों की तैयारी और ब्लैक टॉपिंग का कार्य तेजी से पूरा करने के लिए पुलिस व लोनिवि को निर्देशित किया।

आपात योजना और स्वास्थ्य सुविधाएं अनिवार्य
मुख्य सचिव ने आकस्मिक परिस्थितियों के लिए निकासी योजना अनिवार्य रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने को कहा। उन्होंने निकासी योजना की ब्रीफिंग पुलिस और मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को कराने पर जोर दिया ताकि आपात स्थिति में इसका अनुपालन हो सके। भीड़ प्रबंधन के लिए हितधारकों से लगातार संवाद कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयुक्त कुमाऊं श्री दीपक रावत, आईजी कुमाऊं श्रीमती निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मंजुनाथ टीसी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button