भारत विकास परिषद समर्पण शाखा ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, 132 महिलाएं एवं छात्राएं हुईं लाभान्वित



देहरादून, 07 जून। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा, देहरादून द्वारा रविवार को अखिल भारतीय महिला आश्रम, लक्ष्मण चौक में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। कुल 132 महिलाएं एवं छात्राएं शिविर से लाभान्वित हुईं।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने भारत विकास परिषद द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने बालिकाओं को डेंगू से बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की जिन बालिकाओं का सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण नहीं हुआ है, उनका राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत टीकाकरण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन बालिकाओं का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उनका आयुष्मान कार्ड भी बनवाया जाएगा।
नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.के. तनेजा ने योग और भस्त्रिका प्राणायाम के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों का बिना अतिरिक्त खर्च के उपचार संभव है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मंदीप सिंह गिल ने बच्चों के टीकाकरण और सामान्य बीमारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में जनरल सर्जन डॉ. आशीष सांगवान, जनरल फिजिशियन डॉ. अक्षय आनंद, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. समीक्षा गर्ग एवं डॉ. रेशमी राय, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति उनियाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार सिंह तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. प्रभात बालोदिया ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद समर्पण शाखा द्वारा महिला आश्रम को एक स्टील अलमारी तथा जीएमएस मंडल द्वारा एक अन्य अलमारी दान स्वरूप भेंट की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समर्पण शाखा के अध्यक्ष मोहित मित्तल ने की, जबकि संचालन संजय गर्ग ने किया। शिविर में क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक संपर्क श्रीमती निशा अग्रवाल, पर्यावरणविद् जगदीश बाबला, पूर्व अध्यक्ष राजीव सक्सेना, नीलेश अग्रवाल, के.के. लाल, सचिव राजेश ध्यानी, वित्त सचिव देवेन्द्र कंसल, जय भगवान गोयल, संजीव सैन, मनीष गुप्ता, डॉ. अनुराधा बिष्ट, मनमोहन शर्मा, यश गर्ग सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिला आश्रम की ओर से श्रीमती सविता अग्रवाल, श्रीमती रेखा अग्रवाल, श्रीमती सुषमा ढींगरा एवं श्रीमती कविता रावत सहित अन्य सम्मानित सदस्य भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन को उपस्थित लोगों ने समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल बताया।


