लगातार बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई

देहरादून 31 मई । प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त श्री आनंद स्वरूप ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोकने के निर्देश दिए हैं।
गढ़वाल आयुक्त ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि मौसम की स्थिति सामान्य होने पर यात्रा को पुनः सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग और पड़ाव स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केदारनाथ यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें और केवल मौसम अनुकूल होने पर ही यात्रा करें।
प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं तथा हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।



