सेवानिवृत्ति पर वरिष्ठ समाजसेवी संजय कुमार गर्ग का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

देहरादून,29 मई 2026।
श्री पंचायती हनुमान मंदिर गांधीग्राम देहरादून द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी एवं कर्मचारी नेता संजय कुमार गर्ग के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में होटल कैलिस्टा, सहारनपुर रोड देहरादून में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद देहरादून की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय कुमार गर्ग एवं उनकी धर्मपत्नी के साथ इंदु बाला, शशिकांत शर्मा, अविकांत शर्मा सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छोटे-छोटे बच्चों ने सरस्वती वंदना पर आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह में समिति की ओर से संजय कुमार गर्ग एवं उनकी अर्धांगिनी को शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके लंबे सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सरकारी सेवा के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
इंदु बाला एवं शशिकांत शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि संजय कुमार गर्ग ने लगभग 40 वर्षों की सरकारी सेवा के दौरान ईमानदारी एवं निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। साथ ही पिछले 25 वर्षों से कन्याओं के विवाह, दिव्यांग सहायता शिविर, निशुल्क मेडिकल कैंप, रक्तदान शिविर, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग जैसे अनेक रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कर्मचारियों के महामंत्री के रूप में भी सैकड़ों कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करवाया।
अपने संबोधन में संजय कुमार गर्ग ने कहा कि पद और प्रतिष्ठा केवल इच्छा रखने से नहीं मिलती, बल्कि प्रभु कृपा एवं समाजहित में किए गए कार्यों से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा।
संस्था द्वारा पूर्व में संजय कुमार गर्ग को “अद्वितीय” की उपाधि भी प्रदान की जा चुकी है। कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें सम्मानित किया और उनके व्यक्तित्व एवं कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस अवसर पर महाकाल सामाजिक संस्था से गौरव जैन, अग्रवाल समाज से सुनील अग्रवाल, ब्राह्मण सभा से शशिकांत शर्मा, ललित शर्मा, अविकांत शर्मा, एमकेपी इंटर कॉलेज की अध्यापिका किरण सिंह, सनातनी समिति मातृशक्ति संगठन से मीनू डिडान, माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष बी.डी. सेमवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में इंदु बाला शर्मा, शशी शर्मा, ललित शर्मा, रमा वर्मा, अवनीशकांत शर्मा, संजय कुमार गर्ग, बबीता उर्फ मेघा गर्ग, रीना मित्तल, सुनील अग्रवाल, उषा नागर, मिस्टी मित्तल, गौरव जैन, मीनू डिडान, किरण सिंह, नीलम शर्मा, एकता रावल, मंजू श्रीवास्तव, मनीषा अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


