जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दें अधिकारी : मुख्यमंत्री धामी

नैनीताल 24
मई। पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण के दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनता के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, विद्युत आपूर्ति तथा सिंचाई संबंधी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को ग्रीष्मकाल को देखते हुए आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने तथा खराब नलकूपों एवं हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने तथा विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


