उत्तराखण्डधर्म-कर्म

श्री पृथ्वीनाथ मंदिर में भागवत कथा का हुआ विश्राम, विनीत वत्सल जी ने सुनाई श्रीकृष्ण भक्ति की अमृत वर्षा

देहरादून 23 मई । परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम दिवस पर कथा व्यास विनीत वत्सल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण भक्ति और भागवत महिमा का रसपान कराया। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कथा व्यास विनीत वत्सल जी ने कहा कि कलयुग में भगवान श्रीकृष्ण के साक्षात दर्शन पवित्र श्रीमद्भागवत के माध्यम से संभव हैं। उन्होंने बताया कि जब भगवान श्रीकृष्ण से पूछा गया कि कलयुग में उनके दर्शन कहां होंगे, तब उन्होंने कहा कि “यदि मेरे दर्शन करने हैं तो पवित्र भागवत का दर्शन और श्रवण करो, वहीं मेरे साक्षात स्वरूप के दर्शन होंगे।” उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु श्रद्धा भाव से भागवत कथा का श्रवण करता है, वह पापों से मुक्त होकर आध्यात्मिक शांति प्राप्त करता है।
कथा समापन अवसर पर कथा आयोजन में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं को व्यासपीठ की ओर से सम्मानित कर आशीर्वाद प्रदान किया गया।
इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, पुनीता गैरोला, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, संजय गर्ग, राजकुमार गुप्ता, प्रीति गुप्ता, दीपक मित्तल, रीना मित्तल, अवंतिका मित्तल, गीता अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button