उद्योग बन्धुओं की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान : एडीएम पंकज उपाध्याय

रूद्रपुर, 19 मई 2026 — जनपद में उद्योगों को शांतिपूर्ण वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में उद्योग मित्र बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग बन्धुओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि औद्योगिक संस्थानों से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पूर्व में उठाए गए बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जो प्रकरण शासन स्तर पर लंबित हैं, उनके लिए पुनः स्मारक पत्र भेजे जाएं तथा विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर समय पर निस्तारण किया जाए।
उद्यमियों ने एल्डिको सिडकुल औद्योगिक पार्क सितारगंज फेज-2 में विद्युत आपूर्ति के लिए नए सब स्टेशन निर्माण की मांग उठाई। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सितारगंज ने बताया कि मामला राज्य स्तरीय उद्योग मित्र बैठक में रखने हेतु ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर निदेशालय को भेज दिया गया है।
इसके अलावा सितारगंज से एल्डिको सिडकुल तक सड़क मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सड़क को दो लेन के स्थान पर तीन लेन करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। फिलहाल सड़क का पैचवर्क कर गड्ढामुक्त बनाया गया है।
मै. मॉ शीतला वेंचर्स लिमिटेड से एनएच-74 तक पाहा नहर की कवरिंग कराने के अनुरोध पर अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि इस संबंध में शासन को अनुस्मारक पत्र भेजा गया है।
काशीपुर के मुरादाबाद रोड पर स्वीकृत 132 केवी पावर सब स्टेशन की स्थापना के संबंध में अधिशासी अभियंता पिटकुल ने जानकारी दी कि सरवरखेड़ा उपसंस्थान निर्माण हेतु देहरादून स्तर पर निविदा प्रक्रिया गतिमान है।
बैठक में उद्योग संगठनों ने बिजली, फायर, भूमि लाइसेंस, लंबित प्रकरणों, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक विषयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उद्यमियों ने सुझाव दिए कि औद्योगिक वातावरण को और अधिक अनुकूल बनाया जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी एवं आरएम सिडकुल रूद्रपुर मनीष बिष्ट, आरएम सिडकुल सितारगंज रविन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, विवेक काण्डपाल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस दांगी, एएस नेगी, लोनिवि के ओपी सिंह, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई से आरके गुप्ता, अशोक बंसल, एसईडब्ल्यूएस अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा सहित अनेक उद्यमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



