उत्तराखण्डराज्य

राष्ट्रहित में ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून 11 मई । पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किया गया आह्वान केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए छोटे-छोटे संकल्प लें, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ा योगदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालना, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना, ऊर्जा की बचत करना, एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचना, खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद का उपयोग करना तथा खाद्य तेल का संयमित उपयोग करना जैसे कदम राष्ट्रहित में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा से राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर सक्रिय सहभागिता निभाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button