उत्तराखण्डराज्य

मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री की जनसुनवाई: समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, चारधाम व्यवस्थाओं की सराहना

देहरादून 03 मई ।पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य जनहित से जुड़े विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग के साथ समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजा जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान मिले।
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई कार्यक्रम को शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है।
इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button