शामली की परिवहन व्यवस्था पर विधायक अशरफ अली खाँ का सख्त रुख, समिति बैठक में उठाए बड़े मुद्दे

लखनऊ/शामली, 27 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की ‘सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति’ की बैठक में थानाभवन से विधायक अशरफ अली खाँ ने शामली और जलालाबाद क्षेत्र की बदहाल परिवहन व्यवस्था को जोरदार तरीके से उठाया। लखनऊ में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने विभागीय लापरवाही पर कड़ा एतराज जताते हुए अधिकारियों के सामने जनसमस्याओं का विस्तार से मुद्दा रखा।
इलेक्ट्रिक बस सेवा में देरी पर सवाल
विधायक ने जलालाबाद के लिए स्वीकृत इलेक्ट्रिक बस डिपो और 20 बसों के संचालन में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि अब तक यह सेवा शुरू क्यों नहीं हुई, जबकि यह योजना क्षेत्र में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है। उन्होंने दिल्ली, सहारनपुर और मेरठ मार्गों पर बसों के संचालन की तत्काल शुरुआत की मांग की।
हाईवे पर इंतजार को मजबूर यात्री
बैठक में उन्होंने जलालाबाद बस स्टेशन के वर्षों से बंद पड़े गेटों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बसें परिसर के अंदर जाने के बजाय हाईवे पर खड़ी होती हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को भारी जोखिम उठाना पड़ता है। साथ ही डिपो में पेयजल, शौचालय और प्रतीक्षालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर भी नाराजगी जताई।
नए बस स्टेशन और रात्रि सेवा की मांग
विधायक ने शामली मुख्यालय पर प्रस्तावित नए बस स्टेशन, डिपो और वर्कशॉप के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि शहर को जाम से राहत मिल सके। उन्होंने शाम 6 बजे के बाद बसों की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए रात्रि बस सेवाओं के फेरे बढ़ाने की जरूरत बताई, जिससे यात्रियों को असुरक्षित साधनों का सहारा न लेना पड़े।
शासन ने दिया आश्वासन
विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर समिति और अधिकारियों ने गंभीरता से चर्चा की। शासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए संबंधित परियोजनाओं को गति दी जाएगी।

