उत्तराखण्डविशेष समाचार

SDRF मुख्यालय पहुंचे प्रशिक्षु IPS अधिकारी, आपदा प्रबंधन की बारीकियों को समझा

देहरादून,26 अप्रैल 2026। पर्वतीय आपदाओं में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित बचाव प्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) के 78वें आरआर बैच के 84 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने जॉलीग्रांट स्थित राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) मुख्यालय का भ्रमण किया। यह दौरा 25 अप्रैल को आयोजित किया गया।
यह शैक्षणिक भ्रमण पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि दल का नेतृत्व अकादमी के उप निदेशक अरविंद सुकुमार ने किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य भावी पुलिस अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना था।
SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने अधिकारियों को बल की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक ढांचे और आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में SDRF, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू, धराली और रेणी क्षेत्र में चलाए गए प्रमुख बचाव अभियानों की जानकारी दी गई। इन अभियानों के माध्यम से दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, खराब मौसम और सीमित संसाधनों के बीच कार्य करने की चुनौतियों को समझाया गया।
भ्रमण के दौरान SDRF टीम ने आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का प्रदर्शन भी किया, जिससे अधिकारियों को नई तकनीकों की जानकारी मिली। साथ ही उत्तराखंड की कानून व्यवस्था, पुलिसिंग प्रणाली और आपदा के समय पुलिस की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
मालदीव, नेपाल और भूटान सहित विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए प्रशिक्षु अधिकारियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि SDRF मुख्यालय में उन्हें आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई, जो उनके भविष्य के दायित्वों के निर्वहन में सहायक सिद्ध होगी।
प्रशिक्षकों ने भी इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे त्वरित निर्णय क्षमता, टीम समन्वय और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग की समझ विकसित हुई है, जो प्रशिक्षण को और अधिक मजबूत बनाती है।

Related Articles

Back to top button