केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एसपी रुद्रप्रयाग का पैदल निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को परखा

रुद्रप्रयाग, 26 अप्रैल। चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने स्वयं केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर उतरकर व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
एसपी ने केदारनाथ बेस कैंप से लेकर गौरीकुण्ड तक के प्रमुख पड़ाव—लिंचोली, भीमबली एवं जंगलचट्टी—स्थित पुलिस चौकियों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन जायजा लिया और मौके पर तैनात पुलिस बल से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी निहारिका तोमर ने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और यात्रा अनुभव जाना। साथ ही घोड़ा-खच्चर संचालकों से भी बातचीत कर रूट मैनेजमेंट, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
एसपी ने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु आवागमन, चिकित्सा सहायता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत एसपी रुद्रप्रयाग पिछले छह दिनों से केदारनाथ धाम में कैंप कर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रही हैं। उत्तराखण्ड पुलिस ने यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और विश्वासपूर्ण वातावरण मिल सके।



