उत्तराखण्डचार धाम याता

बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर खुलेंगे

बद्रीनाथ 22 अप्रैल । बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं।
यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बुधवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने चारधाम यात्रा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की श्री बद्रीनाथ धाम में ब्रीफिंग की। इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए, ताकि धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्री सुखद अनुभव के साथ वापस लौट सकें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सहज एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही सभी कार्मिकों को यात्रियों के साथ विनम्र एवं मृदु व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे उनकी यात्रा सरल, सुगम और सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ यात्रियों के साथ “अतिथि देवो भवः” तथा उत्तराखंड पुलिस की थीम “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” की भावना के अनुरूप व्यवहार किया जाए, ताकि श्रद्धालु उत्तराखंड से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बाहरी जनपदों से आए पुलिस बल को जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों तथा चारधाम यात्रा के लिए तैयार विस्तृत यातायात प्लान की जानकारी दी। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button